हृदय रोग से पीडि़त अंशिका को मिला नवजीवन


बैतूल जिले के विकासखण्ड मुख्यालय भैंसदेही के गांधी वार्ड निवासी 6 वर्षीय कु. अंशिका पिता श्री श्यामकिशोर मालवीय अक्सर बीमार रहती थी। लंबे समय से बीमार रहने के कारण अंशिका के माता-पिता अत्यंत चिंतित रहने लगे। अंशिका के पिता कृषि का कार्य कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। बीमार रहने से अंशिका बचपन का आनंद नहीं उठा पाती और चुपचाप एक कोने में बैठी रहती। परिजन बेटी के गिरते स्वास्थ्य से परेशान थे, किंतु उपचार हेतु दिखाने का प्रयास नहीं किया।
    गांधी वार्ड भैंसदेही के आंगनबाड़ी केन्द्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैंसदेही की राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम द्वारा अंशिका का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के बाद अंशिका के परिजनों को हृदय रोग की संभावना की जानकारी देते हुये इको जांच कराने हेतु जिला चिकित्सालय बैतूल रिफर किया गया।
जिला चिकित्सालय में इको जांच कराने के बाद अंशिका की रिपोर्ट धनात्मक आई तथा हृदय रोग की पुष्टि हुई। शासन द्वारा प्रकरण स्वीकृत कर अंशिका को हृदय के ऑपरेशन हेतु 16 जनवरी 2017 को चिरायु अस्पताल भोपाल भेजा गया। जहां 18 जनवरी 2017 को अंशिका के हृदय का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। हृदय के ऑपरेशन के पश्चात अंशिका को नवजीवन मिला, अब वह पूर्णत: स्वस्थ है।
    अंशिका के परिजन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत हुये नि:शुल्क उपचार के लिए शासन का आभार व्यक्त करते हैं।


ऐफाज शेख का नि:शुल्क हुआ हृदय का ऑपरेशन 


बैतूल जिले के विकासखण्ड मुख्यालय भैंसदेही के अम्बेडकर वार्ड निवासी 10 वर्षीय ऐफाज शेख पिता इरफाज शेख के हृदय में बचपने से ही छेद था, किन्तु ऐफाज के माता-पिता को इसकी जानकारी नहीं थी। ऐफाज बचपन से कमजोर था और गुमशुम रहता था। वह विद्यालय भी नियमित रूप से नहीं जाता था, उसकी गतिविधियां अत्यंत धीमी थी एवं रोजमर्रा के क्रियाकलापों में उसकी सक्रियता निरंक थी, जिसे देखकर माता-पिता चिंतित रहते थे।
    राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के दल चिकित्सक डॉ. रेश्मा खान द्वारा वार्ड क्रमांक 14 भैंसदेही के आंगनबाड़ी केन्द्र में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान ऐफाज शेख का परीक्षण किया गया। परीक्षण के पश्चात् ऐफाज के परिजनों को बताया गया कि ऐफाज की बीमारी गंभीर है एवं नि:शुल्क उपचार संभव है। ऐफाज को जांच करवाने हेतु जिला चिकित्सालय रिफर किया गया।
    जिला चिकित्सालय में ऐफाज की प्रारंभिक जांच करने के पश्चात् उसे एलएन मेडिकल कॉलेज एंड जेके हॉस्पिटल भोपाल रेफर किया गया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम के माध्यम से ऐफाज को माता-पिता जेके हॉस्पिटल भोपाल लेकर पहुंचे एवं उसे भतीर्र किया गया। यहां ऐफाज की जांच के पश्चात् हृदय रोग की पुष्टि हुई। चिकित्सकों द्वारा 05 जनवरी 2019 को ऐफाज का सफलतापूर्वक नि:शुल्क हृदय का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के पश्चात् अब ऐफाज शेख पूर्ण रूप से स्वस्थ है। ऐफाज नियमित रूप से स्कूल जा रहा है। ऐफाज के परिजन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम योजनांतर्गत बाल हृदय उपचार योजना के तहत हुए नि:शुल्क ऑपरेशन हेतु शासन का आभार व्यक्त करते हैं।