सभी नगरों को बनाएं स्वच्छ और सुंदर - श्री जयवर्द्धन सिंह

भोपाल नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने आज अपने प्रभार के जिले राजगढ़ के खिलचीपुर में जिले के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों की बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी नगरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करें। इस दौरान ऊर्जा मंत्री श्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोताही नहीं बरतें।



 नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने कहा कि नगरों में लोगों की मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिये बजट की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि सभी नगरों में प्रतिदिन स्वच्छ जल नल के माध्यम से उपलब्ध कराने के लिये वाटर ऑडिट करवाया जा रहा है। श्री सिंह ने सारंगपुर में कालीसिंध नदी के क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत का प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरों को डस्ट-फ्री बनाने की कार्य-योजना भी बनाएं। श्री सिंह ने कहा कि जल-जनित बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी है कि नगरों की जल-संरचनाओं की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने योजनाओं की नगरीय निकायवार समीक्षा की।
 खिलचीपुर में मंत्रीद्वय ने श्रीजी मेला ग्राउण्ड की बाउण्ड्री-वॉल का भूमि-पूजन किया। बाउण्ड्री-वॉल 71 लाख की लागत से बनाई जाएगी। बैठक में विधायक राजगढ़ श्री बापू सिंह तंवर, विधायक नरसिंहगढ़ श्री राज्यवर्धन सिंह, नगरीय निकायों के अध्यक्ष सहित अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।


मध्यप्रदेश को अंगदान के क्षेत्र में सर्वोपरि कार्यों के लिये मिला बेस्ट सोटो अवार्ड
भोपाल केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन और केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे ने मध्यप्रदेश को अंगदान के क्षेत्र मे सर्वोपरि कार्यों के लिए देश का सर्वश्रेष्ठ  सोटो (राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संस्थान) सम्मान प्रदान किया। मध्यप्रदेश के सोटो प्रभारी डॉ. मनीष पुरोहित और मेडिको समाज-सेवी श्री सुभाष कुमार दांगी ने शनिवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में यह सम्मान प्राप्त किया। चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने इस सम्मान के लिये विभागीय अधिकारियों और चिकित्सकों को बधाई दी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्त  संस्था राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संस्थान (नोटो) द्वारा  इस वर्ष 10वाँ राष्ट्रीय अंगदान दिवस  मनाया गया। इसमें अंगदान दाता परिवारों का  सम्मान किया  गया। साथ ही, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर अंगदान के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले सर्वश्रेष्ठ सोटो राज्य, सर्वश्रेष्ठ अस्पताल, सर्वश्रेष्ठ ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर आवार्ड प्रदान किये गये।
 प्रमुख सचिव श्री शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि 10वें भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार वर्ष 2019-20 में मृतकों के अंगदान के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिये दिया गया है। साथ ही, मध्यप्रदेश के अंगदान दाता स्वर्गीय श्री रखब चंद जैन के पुत्र  श्री संजय जैन और पुत्रवधु  श्रीमती वर्षा जैन को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज, इंदौर में नवीन सोटो संस्थान कार्यरत है।
एड्स की रोकथाम के लिये जन-सामान्य का जागरूक होना जरूरी - प्रमुख सचिव डॉ. गोविल
भोपाल विश्व एड्स दिवस के मौके पर आज भोपाल में मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा होटल पलाश में 'समुदाय लाते हैं बदलाव'' विषय पर हुई संगोष्ठी में एड्स नियंत्रण के क्षेत्र में कार्य कर रहे स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने संगोष्ठी में कहा कि एड्स की रोकथाम के लिये जन-सामान्य का जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एड्स दिवस हमें अब तक किये गये कायों का मूल्यांकन करने और बेहतर आगामी योजना तैयार करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि एचआईवी वायरस के बारे में युवाओं को जानकारी देना बेहद महत्वपूर्ण है। प्रमुख सचिव ने कहा कि इस बीमारी से ग्रस्त जिन लोगों तक हमारी पहुँच नहीं हो सकी है, समुदाय का सहयोग लेकर उनके लिए प्रभावी तरीके से काम किया जा सकता है। परियोजना संचालक डॉ. अरुणा गुप्ता ने प्रदेश में एड्स नियंत्रण के लिये किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। अपर परियोजना संचालक डॉ. राकेश मुंशी ने बताया कि समिति का प्रयास है कि एड्स नियंत्रण में स्वयंसेवी संगठनों की अधिक से अधिक मदद ली जाए। अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ ट्रांसजेंडर बोर्ड सुश्री विद्या राजपूत ने बताया कि छत्तीसगढ़ में ट्रांसजेंडर को संगठित करके एड्स की रोकथाम के लिये अच्छा काम किया गया है। 
वहाँ की राज्य सरकार ने ट्रांसजेंडरों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिये विशेष पहल की है। अध्यक्ष इण्डिया नेटवर्क ऑफ सेक्स वर्कर्स सुश्री कुसुम नागर ने बताया कि एड्स की रोकथाम में सेक्स वर्कर्स को जागरूक करके लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सेक्स वर्कर्स को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाया जा सकता है। हमसफर ट्रस्ट के श्री यशविंदर सिंह ने कहा कि वर्ष 2020 में एड्स विषय पर होने वाली अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में मध्यप्रदेश में एड्स के क्षेत्र में किये गए कार्यों की सफलता की कहानियों को भेजा जाना चाहिए। नई दिल्ली के श्री आलोक मोहन अग्रवाल ने एड्स नियंत्रण के क्षेत्र में कम्युनिटी लीडर के योगदान के बारे में जानकारी दी।


मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा आज होटल पलाश से जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली रंगमहल, रोशनपुरा, बाणगंगा चौराहा होते हुए पलाश में सम्पन्न हुई। रैली में सामाजिक कार्यकर्ता, अशासकीय संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल थे।